सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के थाना कोसीर क्षेत्र के ग्राम कोसीर में चखना दुकान में शराब के पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक से डंडे, लोहे की रॉड और हाथ-मुक्के से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवक के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। मामले में कोसीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे ग्राम कोसीर निवासी लखन लहरे अपने दोस्त मनोज कुमार सुमन के साथ जितेंद्र महिलाने की चखना दुकान पर गया था। वहां राकेश टंडन, राजकुमार टंडन और श्यामलाल कोसले पहले से मौजूद थे। इसी दौरान शराब के पैसे के लेन-देन को लेकर राकेश टंडन का दुकान संचालक जितेंद्र महिलाने एवं प्रकाश बंजारे से विवाद हो गया।
विवाद के दौरान गाली-गलौज का विरोध करने पर मनोज कुमार सुमन के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र महिलाने ने डंडे से, शिवनंदन महिलाने ने लोहे की रॉड से तथा प्रकाश बंजारे ने हाथ-मुक्के से मनोज के साथ मारपीट की। मारपीट में उसके सिर, हाथ और पैर में चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया।
घटना के संबंध में प्रार्थी लखन लहरे की रिपोर्ट पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 110, 296, 115(2), 3(5) BNS में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेंद्र महिलाने, शिवनंदन महिलाने और प्रकाश बंजारे को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।
- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
- झीरम घाटी हमले पर NIA कोर्ट का फैसला आधा-अधूरा न्याय सारंगढ़ में कांग्रेस का हमला - September 6, 2026
- शिक्षकों के सम्मान में सजे रंग, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; केयर प्वाइंट नेशनल स्कूल भाटगांव में मना शिक्षक दिवस - September 6, 2026
