जर्जर सड़क के गड्ढों में डाला स्टोन पाउडर बना मुसीबत, ग्रामीण ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत
बिलाईगढ़। जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर नेशनल हाईवे-130 बी पर स्थित है। गांव के बस स्टैंड की जर्जर सड़क अब यात्रियों और आसपास के दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों को स्टोन पाउडर डालकर पाटा गया था। अब यही पाउडर वाहनों के आवागमन के साथ धूल बनकर उड़ रहा है।
बस का इंतजार करने वाले यात्रियों, राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को दिनभर उड़ती धूल का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक धूल के कारण खांसी, दमा और एलर्जी से परेशान लोगों को अधिक दिक्कत हो रही है। वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार इतना बढ़ जाता है कि कुछ समय के लिए सामने का रास्ता भी स्पष्ट दिखाई नहीं देता। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
तालाब के पानी पर भी असर
बस स्टैंड के समीप निस्तारी तालाब स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से उड़ने वाली धूल तालाब के पानी में पहुंच रही है, जिससे पानी प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद आसपास के ग्रामीणों को निस्तारी के लिए तालाब का उपयोग करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में पहुंची शिकायत
संबंधित विभाग के अधिकारी का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराकर सड़क की मरम्मत और धूल की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है। शिकायत पर संबंधित विभाग को समस्या के निराकरण के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गोपालपुर बस स्टैंड की सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों और राहगीरों को धूल एवं जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिल सके।
- राजनांदगांव में स्व. कमला वैष्णव की द्वितीय पुण्यतिथि सम्पन्न… - October 25, 2026
- प्रधानमंत्री आवास और किसान सम्मान निधि दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप, राकेश साहू और सुशील कंप्यूटर सेंटर का नाम शिकायत में - October 7, 2026
- कारगिल विजय दिवस पोस्टर मेकिंग व ड्रॉइंग प्रतियोगिता: टि्वंकल चौहान ने लहराया परचम, जीता प्रथम पुरस्कार
- October 7, 2026
