कल्प समाज सेवी संस्था की पहल, सारंगढ़ को पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया लक्ष्य
सारंगढ़। 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत छिंद स्थित आदर्श ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल में बाल विवाह मुक्त सारंगढ़ के संकल्प को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संदेश दिया।
इस जागरूकता अभियान में विद्यालय के प्राचार्य श्री वी.डी. चौहान का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। उनके सहयोग से आयोजित इस पहल में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाल विवाह के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जमीनी स्तर पर सामाजिक जागरूकता के लिए कार्य कर रहे समाजसेवी अंकित भारद्वाज की संस्था कल्प समाज सेवी संस्था द्वारा किया गया। संस्था का मुख्य उद्देश्य सारंगढ़ क्षेत्र को पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त बनाना है। संस्था के माध्यम से गांव-गांव और क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
समाजसेवी अंकित भारद्वाज ने इस पहल को आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और युवाओं की सहभागिता जरूरी है।
बाल दिवस के अवसर पर निकाली गई यह संकल्प रैली बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक बदलाव की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई। कल्प समाज सेवी संस्था ने संकल्प लिया है कि यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही सारंगढ़ के अन्य गांवों एवं क्षेत्रों में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- पनिका समाज में संगठनात्मक एकता पर जोर, जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से
- November 23, 2026 - गुड़ेली में कोटवारी जमीन पर खनन का बड़ा खेल! करोड़ों के खनिज दोहन फ्लाई ऐश से गड्ढे पाटने का कारोबार - November 23, 2026
- हमारी सरकार पूर्णतः किसान हितैषी–भाजपा प्रति एकड 13839 रू पर भाजपा ने ली प्रेस वार्ता - November 21, 2026
