बच्चों ने नारों के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य का दिया संदेश
सारंगढ़। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ग्राम गोबरसिंहा में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कल्प समाजसेवी संस्था एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्राम गोबरसिंहा से निकाली गई जागरूकता रैली में बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर गांव के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने नारों के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की कम उम्र में शादी करने के बजाय उनकी शिक्षा, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम का संचालन कल्प समाजसेवी संस्था की कोऑर्डिनेटर उषा साहू ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र साहू, बीडीसी चंदा मिरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कमला खूंटे (केंद्र क्रमांक-03), पुष्पा सिदार (केंद्र क्रमांक-02), सविता शर्मा (केंद्र क्रमांक-01) सहित आंगनबाड़ी सहायिका प्रिया चौहान एवं मेधा मिरी उपस्थित रहीं।
जागरूकता अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रैली में चंद्रकला नायक, सालिनी दुबे, सरला मिरी एवं वैशाली नायक सहित अन्य बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। इस पूरे अभियान में कुल 153 लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई और ग्राम को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कल्प समाजसेवी संस्था के संचालक अभिषेक यादव ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके भविष्य के साथ अन्याय है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और पंचायत स्तर के प्रतिनिधियों को आगे आना होगा। सामूहिक प्रयास और जनजागरूकता के माध्यम से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक बच्चा सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को पूरा करने का अवसर पाएगा।
- पनिका समाज में संगठनात्मक एकता पर जोर, जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से
- November 23, 2026 - गुड़ेली में कोटवारी जमीन पर खनन का बड़ा खेल! करोड़ों के खनिज दोहन फ्लाई ऐश से गड्ढे पाटने का कारोबार - November 23, 2026
- हमारी सरकार पूर्णतः किसान हितैषी–भाजपा प्रति एकड 13839 रू पर भाजपा ने ली प्रेस वार्ता - November 21, 2026
