भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और केंद्र सरकार की योजनाओं पर रखे विचार

सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत सोमावार ने महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने देश के सभी वर्गों के अधिकारों और सम्मान के लिए प्रेरणादायक कार्य किया।
श्री सोमावार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। वे बचपन से ही मेधावी और प्रतिभाशाली थे। उनके पिता ने उन्हें मिशनरी स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजा। इसी दौरान उन्होंने देखा कि मिशनरी संस्थाओं द्वारा शिक्षा देने के साथ-साथ भोले-भाले आदिवासियों की जमीनों पर भी कब्जा किया जा रहा है। इस अन्याय के विरुद्ध उन्होंने आवाज उठाई और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका। मात्र 26 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जननायक बिरसा मुंडा के योगदान को अपेक्षित प्रचार-प्रसार नहीं मिल पाया। भाजपा ने जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि देश के सम्मानित नागरिक और समाज के अभिन्न अंग के रूप में देखा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान, सम्मान और अधिकारों को लेकर अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भी विशेष महत्व देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई।
श्री सोमावार ने बताया कि आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर धर्मजयगढ़ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आज जनजातीय समाज के लोगों को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व मिल रहा है। अनेक राज्यों में जनजातीय समाज के नेता मुख्यमंत्री एवं मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदाय के आवास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, भुवन मिश्रा, निखिल केशरवानी, हरिनाथ खूंटे, जिला मीडिया प्रभारी रवि तिवारी, कमल सिदार एवं संजय सोरेंग सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- पनिका समाज में संगठनात्मक एकता पर जोर, जिलाध्यक्ष का चुनाव होगा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से
- November 23, 2026 - गुड़ेली में कोटवारी जमीन पर खनन का बड़ा खेल! करोड़ों के खनिज दोहन फ्लाई ऐश से गड्ढे पाटने का कारोबार - November 23, 2026
- हमारी सरकार पूर्णतः किसान हितैषी–भाजपा प्रति एकड 13839 रू पर भाजपा ने ली प्रेस वार्ता - November 21, 2026
