सारंगढ़। लगातार हो रही बारिश और तेज़ हवा-तूफान के कारण सारंगढ़-सरसीवा रोड स्थित ग्राम पंचायत चन्दाई के पास एनएच-130बी पर वर्षों पुराना विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों का आवागमन ठप हो गया।
घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क बंद होने के कारण दोपहिया, चारपहिया और अन्य छोटे-बड़े वाहन घंटों तक फंसे हुए है । ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ काफी पुराना था और तेज़ बारिश व आंधी के चलते जड़ कमजोर होने से वह सड़क पर गिर गया।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। फिलहाल सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित है और लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की जा रही है।
