सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य पर प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को विस्तृत शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जिला स्तरीय जांच की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय के प्राचार्य नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते, जबकि विद्यालय दो पालियों में संचालित होता है। इसके अलावा अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विद्यार्थियों से निर्धारित नियमों से अधिक शुल्क लेने, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी में हेरफेर करने, बिना आवेदन के सीएल (CL) एवं ओडी (OD) दर्ज करने तथा अनुपस्थित शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने मार्च 2025 से जुलाई 2026 तक की उपस्थिति पंजी, अवकाश अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई अवसरों पर विद्यालय में अधिकांश शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जबकि उपस्थिति पंजी में सभी की उपस्थिति दर्ज थी।
आवेदन में विद्यालय से कंप्यूटर सेट गायब होने, बिना अनुमति कबाड़ सामग्री बेचने, जनगणना ड्यूटी का गलत उल्लेख करने तथा विद्यालय में हुए विवादों की भी जांच की मांग की गई है। साथ ही कई शिक्षकों की लंबी अनुपस्थिति, परीक्षा ड्यूटी एवं अवकाश संबंधी अभिलेखों की सत्यता की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूर्व में भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन निष्पक्ष जांच नहीं होने से वास्तविक तथ्य सामने नहीं आ सके। इसलिए इस बार जिला स्तरीय स्वतंत्र जांच दल गठित कर जिला शिक्षा अधिकारी, लेखा, कोषालय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से सभी अभिलेखों की गहन जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
- झीरम घाटी हमले पर NIA कोर्ट का फैसला आधा-अधूरा न्याय सारंगढ़ में कांग्रेस का हमला - September 6, 2026
- शिक्षकों के सम्मान में सजे रंग, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; केयर प्वाइंट नेशनल स्कूल भाटगांव में मना शिक्षक दिवस - September 6, 2026
