भटगांव। कृषि उपज मंडी समिति भटगांव में पदस्थ लेखापाल श्री शुभम कुमार सोनी के विरुद्ध मंडी क्षेत्र के व्यापारियों एवं राइस मिल संचालकों द्वारा गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि लेखापाल द्वारा उच्च अधिकारियों का रौब दिखाते हुए स्वयं को मंडी का कर्ताधर्ता एवं सचिव के रूप में प्रस्तुत कर व्यापारियों को भयभीत किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेखापाल सोनी द्वारा राइस मिलरों एवं व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने, धमकाने तथा भ्रामक जानकारी देने की शिकायतें की गई हैं। यह भी आरोप है कि शासकीय स्टॉक इंद्राज करने एवं अन्य कार्यालयीन कार्यों के नाम पर अवैध रूप से धनराशि की मांग की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, रात्रिकाल में वाहनों को रोककर भी अवैध वसूली का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है, जिससे मंडी क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। वहीं, मंडी के नियमित कार्यालयीन कार्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने एवं उच्च अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि भटगांव के अधीनस्थ उप मंडी सरसीवां के व्यापारी भी लेखापाल के व्यवहार से परेशान हैं और इस संबंध में सचिव महोदया को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराने एवं कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में मंडी के किसी भी अधिकारी या इंस्पेक्टर द्वारा इस प्रकार की अवैध वसूली नहीं की गई। आरोप है कि लेखापाल द्वारा मंडी शुल्क के अतिरिक्त अन्य माध्यमों से भी वसूली का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, व्यापारियों से अनावश्यक दस्तावेजों की मांग कर उन्हें दबाव में लेने और अवैध वसूली का प्रयास किए जाने की बात कही जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर व्यापारियों एवं राइस मिल संचालकों में रोष व्याप्त है तथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
- झीरम घाटी हमले पर NIA कोर्ट का फैसला आधा-अधूरा न्याय सारंगढ़ में कांग्रेस का हमला - September 6, 2026
- शिक्षकों के सम्मान में सजे रंग, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; केयर प्वाइंट नेशनल स्कूल भाटगांव में मना शिक्षक दिवस - September 6, 2026
