सारंगढ़ न्यूज
▪️ जिले के संवेदनशील क्षेत्र व ग्रामों में वाहनो के साथ फ्लैग मार्च एवं संध्याकालीन में किया गया पैदल पेट्रोलिंग
▪️ अनुविभाग स्तर पर भी संबंधित राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में किया गया फ्लैग मार्च
▪️ शांतिपूर्ण होली मनाने की गई अपील
▪️ जिले में 4 राजपत्रित अधिकारियों समेत 24 अतिरिक्त पेट्रोलिंग व 300 का पुलिस बल सुरक्षा में तैनात किया गया है
सारंगढ़।होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।
फ्लैग मार्च थाना सिटी कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के भारत माता चौक अन्य प्रमुख चौक चौराहों ,बाजार और संवेदनशील इलाकों से गुजरता हुआ निकला। इस दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। शहरवासियों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और इसे होली के पहले एक सकारात्मक कदम बताया।
जिला कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने कहा कि होली का त्योहार सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाए ।साथ ही होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइकिंग, डीजे के माध्यम से अशांति फैलाने या किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का पर्व है। इसे शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों व ग्रामों पर ध्यान केंद्रित किया, जहां पूर्व में त्योहारों के दौरान विवाद की स्थिति बनी रहती है । अनुविभाग स्तर पर भी संबंधित राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
एवं पैदल पेट्रोलिंग किया गया है।
होली के त्योहार हेतु शहर में अतिरिक्त पेट्रोलिंग एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों एवं मुख्य चौक चौराहों पर स्थायी चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। साइबर सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी को तुरंत रोका जा सके।
पुलिस द्वारा यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया जाता है या सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीजे और साउंड सिस्टम के लिए निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा।फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि होली के दौरान कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही होगी । प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले में होली का पर्व हर्षोल्लास, शांति और सुरक्षा के साथ मनाया जाए।
फ्लैग मार्च के दौरान जिला के कलेक्टर पुलिस अधीक्षक,एडिशनल एसपी, SDOP सारंगढ़, SDM सारंगढ़,TI सिटी कोतवाली, रक्षित निरीक्षक,तहसीलदार व अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

