सारंगढ़-बिलाईगढ़। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब साइबर ठग लोगों के मोबाइल में पहले से सेव नंबरों का इस्तेमाल कर अनजान PDF या अन्य संदिग्ध फाइल भेजकर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सावधानी नहीं बरतने पर लोगों की मेहनत की कमाई बैंक खाते से उड़ सकती है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देश पर जिले में साइबर ठगी से बचाव एवं लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से पुलिस आम नागरिकों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देकर सतर्क रहने की अपील कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल में सेव किसी परिचित व्यक्ति के नंबर से भी यदि अचानक कोई अनजान PDF, APK फाइल, लिंक या संदिग्ध दस्तावेज प्राप्त होता है, तो उसे बिना सत्यापन के खोलना नहीं चाहिए। कई बार साइबर अपराधी किसी परिचित के मोबाइल नंबर या व्हाट्सऐप अकाउंट का दुरुपयोग कर ऐसे संदेश भेज सकते हैं।
पुलिस की अपील: अनजान फाइल या लिंक को खोलने से पहले भेजने वाले व्यक्ति से फोन पर पुष्टि करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, UPI PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा करें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित बैंक को सूचित करें और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना देने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के प्रति अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।


- 100 सहायक ग्रेड-03 और 200 पटवारी पदों में आरक्षण का मुद्दा गरमाया, सारंगढ़ में 16 को प्रदर्शन - September 15, 2026
- सेव नंबर से आए अनजान PDF को खोलना भी पड़ सकता है भारी, बैंक खाता हो सकता है खाली - September 14, 2026
- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
