सारंगढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज़ हवा-तूफान के चलते सारंगढ़-सरसीवा मार्ग स्थित ग्राम पंचायत चन्दाई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-130बी) पर वर्षों पुराना विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
पेड़ के गिरने से किसी को नुकसान नहीं हुआ है
घटना के बाद दोपहिया, चारपहिया सहित छोटे-बड़े सभी वाहन सड़क पर घंटों तक फंसे रहे। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार पेड़ काफी पुराना था और लगातार हो रही बारिश व तेज़ आंधी के कारण उसकी जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी सूचना देकर जल्द से जल्द पेड़ हटाने की मांग की है, ताकि यातायात सामान्य हो सके। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित था और लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन द्वारा पेड़ हटाने की कार्रवाई के बाद ही यातायात सामान्य हो सकेगा।
