सरिया क्षेत्र के परसरामपुर फीडर में बिजली लाइन मरम्मत के दौरान एक ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रवण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 18 जून को श्रवण यादव लाइन सुधार कार्य के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार मृतक ठेका कर्मी के रूप में हेल्पर था, जिसका कार्य लाइनमैन की सहायता करना था। आरोप है कि उसे बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ाकर कार्य कराया जा रहा था।
यह भी बताया जा रहा है कि श्रवण यादव दूसरे क्षेत्र का कर्मचारी था, जिसे परसरामपुर फीडर में काम पर लगाया गया था। ऐसे में लाइनमैन और परमिट जारी करने वाले कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।
