बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झूमा-झटकी भी हुई।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ताराचंद पटेल, विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज सहित वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं संजय दुबे, सूरज तिवारी, पुरुषोत्तम साहू, अरुण मालाकार, घनश्याम मनहर, रविंद्र नंदे, नीतिश बंजारे, रामनाथ सिदार, मंजूलता आनंद, सरिता गोपाल, राकेश पटेल, राकेश जटवार, शुभम बाजपेयी एवं अन्य कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विरोध प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई वृद्धि से आम जनता, किसानों एवं छोटे व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि विद्युत दरों में भी वृद्धि की गई है।
कांग्रेस का कहना है कि महंगाई के इस दौर में बिजली दरों में बढ़ोतरी जनविरोधी एवं किसान विरोधी निर्णय है। इससे किसानों की खेती की लागत बढ़ेगी और मध्यम व निम्न आय वर्ग के परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने तथा घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
