सारंगढ़ बिलाईगढ़।स्वास्थ्य के क्षेत्र में नर्सिंग की बुनियादी प्रशिक्षित युवाओं के लिए विदेश में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अंतर्गत भारत- इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि आवेदक के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना आवश्यक है। इसके अलावा अभ्यर्थी शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो तथा उसकी लंबाई 1.5 मीटर एवं वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। पद के लिए भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ओजेटी सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र अनिवार्य है। जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, आक्जलरी नर्स, मिडवाईफ, जनरल नर्स मिडवाईफ, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट अथवा मिडवाईफ संबंधी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जहां चिकित्सा बीमा, आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी दिया जाएगा। सभी कटौतियों के पश्चात लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज एवं पात्रता जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लियरेंस तथा इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार शामिल होगा। अंतिम चयन नियोजक संस्था द्वारा किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर शीघ्र पंजीयन कराने का आग्रह किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शंका के समाधान के लिए रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं भ्रामक माध्यमों से सावधान रहने की सलाह भी दी गई है।
- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
- झीरम घाटी हमले पर NIA कोर्ट का फैसला आधा-अधूरा न्याय सारंगढ़ में कांग्रेस का हमला - September 6, 2026
- शिक्षकों के सम्मान में सजे रंग, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; केयर प्वाइंट नेशनल स्कूल भाटगांव में मना शिक्षक दिवस - September 6, 2026
