सारंगढ़।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आज 20 दिसंबर 2025 को सारंगढ़ आगमन हुआ। मुख्यमंत्री ने पुष्प वाटिका स्थित ज्ञानस्थली में सतनाम पंथ के प्रवर्तक गुरु घासीदास बाबा जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री पूजनीय गुरु घासी दास बाबा जी की छठवें पीढ़ी श्री गुरु खुशवंत साहेब व सारंगढ़ प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मान्यता है कि सारंगढ़ की पुष्प वाटिका में ही गुरु घासीदास बाबा जी ने ज्ञान की प्राप्ति की थी, जिसके चलते यह स्थल सतनामी समाज सहित पूरे क्षेत्र के लिए आस्था और गौरव का केंद्र है। बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री का यह दौरा सारंगढ़वासियों के लिए विशेष महत्व रखता है।
सारंगढ़ को जिला बनाए जाने के पश्चात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का पुष्प वाटिका में यह प्रथम आगमन रहा, जिससे क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह और हर्ष का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर सतनामी विकास परिषद सारंगढ़ के तत्वावधान में जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक एकता, समरसता और बाबा गुरु घासीदास जी के सतनाम संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बाबा जी के विचारों को समाज के लिए मार्गदर्शक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री के आगमन से सारंगढ़ में यह दिन एक ऐतिहासिक पल के रूप में याद किया जाएगा।
