सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जनपद पंचायत सारंगढ़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत खुडुभांठा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को आवेदन देकर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत खुडुभांठा में “जीरा ट्रेडिंग” एवं “डर ट्रेडिंग” नाम से दो फर्मों द्वारा 15वें वित्त आयोग की राशि का आहरण किया गया है, जबकि मौके पर इन सामग्रियों का कहीं भी उपयोग नहीं किया गया है। बताया गया है कि संबंधित बिल दिनांक 05/08/2025 का है, किंतु 31/10/2025 तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फर्जी बिल लगाकर शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण में जांच दल गठित कर वास्तविक सत्यापन एवं मूल्यांकन कराया जाए। साथ ही भविष्य में ग्राम पंचायत के सभी कार्यों को निविदा प्रक्रिया (Tender System) के माध्यम से करवाने तथा सरपंच पर प्रशासनिक कार्यवाही करने की मांग की गई है।
आवेदन के साथ ग्रामीणों ने सरपंच द्वारा लगाए गए दोनों फर्जी बिलों की प्रति भी संलग्न की है।
