SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल, मतदाता सूची में पारदर्शिता और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठाई मांग
सारंगढ़। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ–संविधान बचाओ’ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कार्यालय सारंगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। महाराष्ट्र से पहुंचे पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक राम कुमार यादव, पूर्व विधायक पद्मा घनश्याम मनहर, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे,रमेश खुटे,घनश्याम मनहर, सूर्यकुमार तिवारी, संजय दुबे, पुरुषोत्तम साहू, रविंद्र नंदे, अजय बंजारे राकेश जाटवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे
SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
नाना पटोले ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आड़ में लाखों पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वर्ष 2023 के संबंधित कानून को रद्द करने, SIR प्रक्रिया तत्काल रोकने तथा कथित रूप से अवैध तरीके से हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग शामिल है। इसके अलावा पार्टी ने EVM के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी दोहराई।
मतदाता सूची में गड़बड़ी और सॉफ्टवेयर की जानकारी का मुद्दा उठाया
कांग्रेस ने दावा किया कि देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत SIR में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की जानकारी देने से इनकार करते हुए इसे ट्रेड सीक्रेट बताया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 10,470 मतदाताओं के रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी का मामला भी उठाया गया।
1 नवंबर को दिल्ली में INDIA गठबंधन की महारैली
कांग्रेस ने घोषणा की कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े इन मुद्दों को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आयोजित की जाएगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि मताधिकार की सुरक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
नाना पटोले ने कहा कि यह लड़ाई केवल वोट बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ी हुई है। कांग्रेस ने इस अभियान के माध्यम से आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने और मतदाताओं के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने की बात कही।
- वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- October 28, 2026 - चक्रवाती तूफान और अतिवृष्टि की आशंका: 29 अक्टूबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश - October 28, 2026
- बिलाईगढ़ में कांग्रेस की मासिक बैठक के बाद किसान रैली, विधायक कविता प्राण लहरे ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन - October 28, 2026
