डीएपी समझकर न खरीदें यह खाद! पुलकित बायोफर्टीलाइजर का अवैध खाद बेचने वाले गिरोह पर सरसीवां के गाड़ापाली में बड़ी कार्रवाई, चार लोगो पर एफआईआर
सरसीवां। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में डीएपी खाद के नाम पर किसानों से कथित ठगी करने वाले गिरोह का कृषि विभाग और तहसील प्रशासन ने भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सरसीवा से लगे ग्राम गाड़ापाली में घेराबंदी कर पुलकित बायोफर्टीलाइजर प्रा. लि. से जुड़े चार अधिकृत व्यक्तियों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध सरसीवा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से सरसीवा क्षेत्र में रहकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अलावा जांजगीर-चांपा और शक्ति जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के बीच सक्रिय थे। आरोप है कि वे गांव-गांव जाकर अपने उत्पाद को डीएपी खाद बताकर किसानों को बेचते थे। किसानों को बिल भी दिया जाता था, जबकि बताया जा रहा है कि बेचा जा रहा उत्पाद डीएपी नहीं था।
बताया गया है कि आरोपी सुनसान स्थानों पर किराये के कमरे लेकर अपना ठिकाना बनाते थे और लगातार जगह बदलकर ग्रामीण क्षेत्रों में अपने गिरोह के माध्यम से खाद बेचते थे, ताकि उन पर आसानी से संदेह न हो।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी सरसीवा तहसील अंतर्गत ग्राम भिनोदा में इसी कंपनी का खाद मिला था, लेकिन उस समय विक्रेताओं तक कार्रवाई नहीं पहुंच सकी थी। इस बार कृषि विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता मिली।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदें, खरीद का पक्का बिल लें तथा यदि कोई व्यक्ति गांव में डीएपी के नाम पर संदिग्ध खाद बेचते हुए मिले तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग या नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। ::
कार्यवाही के दौरान उप संचालक कृषि जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ आशुतोष श्रीवास्तव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विकासखंड बिलाईगढ़ कृष्ण कुमारसाहू, उर्वरक निरीक्षक सारंगढ़ जय प्रकाश गुप्ता, तहसीलदार सरसीवां मोहन साहू एवं कुलदीप नायक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे हैं
