सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला कलेक्टर के जनदर्शन में ग्राम पंचायत मुड़पार के ग्रामीण, महिलाएं, पंच एवं उपसरपंच बड़ी संख्या में पहुंचे और पंचायत सचिव के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत के अधिकांश कार्यों के लिए सचिव द्वारा पैसों की मांग की जाती है और बिना लेन-देन के कोई काम नहीं किया जाता।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि पंचायत सचिव अक्सर शराब के नशे में कार्यालय पहुंचता है तथा नियमित रूप से अपनी ड्यूटी का निर्वहन नहीं करता। इससे पंचायत के विकास कार्य और आम नागरिकों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव कभी-कभार ही पंचायत कार्यालय आता है, जिसके कारण लोगों को बार-बार पंचायत के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी राशि की मांग किए जाने की शिकायत है। वहीं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए लोगों को तीन से चार महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पैसे दिए कोई भी कार्य समय पर नहीं हो रहा है।
जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर पंचायत सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।)
- 43 से 45 डिग्री की भीषण गर्मी में चंदाई गांव में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने उठाए नल-जल योजना पर सवाल - June 17, 2026
- जनदर्शन में पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों का हल्ला बोल, रिश्वतखोरी और शराब पीकर कार्यालय आने के आरोप - June 17, 2026
- मुड़पार (दे) में शौचालय और पंचायत भवन निर्माण वर्षों से अधूरे, RTI में जनपद CEO ने बताया प्रगतिरत - June 15, 2026
