सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले के सारंगढ़-बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम टिमरलगा, हिच्छा एवं औराचक्का की भारी संख्या में महिलाएं शासकीय शराब दुकान को बंद करने की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और शिकायत आवेदन सौंपा। महिलाओं ने बताया कि हिच्छा–औराचक्का मार्ग में स्थित शराब दुकान के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और सबसे ज्यादा परेशानी छात्राओं को हो रही है।
महिलाओं ने बताया कि उक्त मार्ग से स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को शराब दुकान के पास शराबियों एवं असामाजिक तत्वों का सामना करना पड़ता है। शराब पीकर वहां खड़े लोग छात्राओं पर गंदी नजर डालते हैं, गंदे कमेंट करते हैं और कई बार छेड़छाड़ जैसी घटनाएं भी होती हैं। इस कारण छात्राओं में डर का माहौल बना हुआ है और कुछ छात्राएं स्कूल जाने से भी डरने लगी हैं।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के आसपास आए दिन गाली-गलौच, झगड़ा और मारपीट होती रहती है, जिससे गांव का वातावरण खराब हो रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इस मार्ग से आने-जाने में परेशानी और डर का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि छात्राओं की सुरक्षा और गांव के शांतिपूर्ण वातावरण को देखते हुए शासकीय शराब दुकान को तत्काल बंद किया जाए या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और ग्रामीणों को इस समस्या से कब तक राहत मिलती है।

- खाद्य सुरक्षा पर कार्रवाई: असुरक्षित पाए गए सांवेरिया पोहा के बैच की बिक्री पर रोक - September 10, 2026
- झीरम घाटी हमले पर NIA कोर्ट का फैसला आधा-अधूरा न्याय सारंगढ़ में कांग्रेस का हमला - September 6, 2026
- शिक्षकों के सम्मान में सजे रंग, विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां; केयर प्वाइंट नेशनल स्कूल भाटगांव में मना शिक्षक दिवस - September 6, 2026
